मान्यता प्राप्त पत्रकारों को बड़ी राहत: अब पत्रकारों और आश्रितों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड होगा ब्योरा
सूचना निदेशक ने पोर्टल शुरू करने को दी सहमति
बैठक में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार किए गए पोर्टल को शुरू करने की सहमति प्रदान की। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और पूरी प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण किया।
लाइव डेमो के माध्यम से बताया गया कि पात्र पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कैसे किया जाएगा, दस्तावेजों का सत्यापन किस प्रकार होगा और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया क्या रहेगी।
एक सप्ताह में पूरा करना होगा विवरण अपलोड करने का काम
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कराई जाएं। संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के साथ मुख्यालय को भी इसकी जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके आश्रितों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
पत्रकारों के लिए सरल बनाया गया पोर्टल
विशाल सिंह ने बताया कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकार और उनके परिजन कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण में मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।