नई दिल्ली: देशभर में नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए जल्द ही खर्च बढ़ने वाला है। प्राइवेट गाड़ियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला FASTag Annual Pass एक अप्रैल से महंगा होने जा रहा है। सालाना फीस में 2.5 प्रतिशत यानी 75 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 3000 रुपये से बढ़कर 3075 रुपये हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह बदलाव तय नियमों के तहत किया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल 15 अगस्त को FASTag Annual Pass की शुरुआत की थी, ताकि बार-बार टोल प्लाजा पार करने वाले वाहन चालकों को सुविधा मिल सके।
एक साल या 200 ट्रिप तक मान्य होता है पास
FASTag Annual Pass जारी होने की तारीख से एक साल तक या 200 ट्रिप तक वैलिड रहता है, जो भी पहले पूरा हो जाए। यह पास देशभर के नेशनल हाईवे पर मान्य होता है। हालांकि, राज्य सरकारों के अधीन आने वाले हाईवे पर इस पास का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। वहां सामान्य FASTag अकाउंट के जरिए ही टोल शुल्क कटता है।
1 अप्रैल से पहले खरीदने पर 3000 रुपये में मिलेगा
अधिकारियों के अनुसार जब FASTag Annual Pass को लागू किया गया था, उसी समय यह भी तय कर दिया गया था कि इसकी कीमत हर साल बदली जा सकती है। यह बढ़ोतरी देशभर में हाईवे टोल की कीमतों में होने वाले वार्षिक संशोधन के फॉर्मूले के अनुसार की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जो लोग एक अप्रैल से पहले इस पास को खरीद या रिचार्ज कर लेते हैं, उन्हें यह 3000 रुपये में ही मिलेगा। लेकिन एक अप्रैल के बाद इसे खरीदने वालों को 75 रुपये ज्यादा यानी 3075 रुपये चुकाने होंगे। अनुमान है कि इस बदलाव का असर करीब 52 लाख लोगों पर पड़ेगा। हालांकि फीस में केवल 2.5 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी की गई है।
इन प्लेटफॉर्म से खरीदा जा सकता है पास
FASTag Annual Pass केवल राजमार्ग यात्रा ऐप या फिर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही खरीदा जा सकता है। भुगतान करने के लगभग दो घंटे के भीतर यह पास सक्रिय हो जाता है और इसकी पुष्टि के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी भेजा जाता है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस पास के लिए किया गया भुगतान एकमुश्त और नॉन-रिफंडेबल होता है। यानी एक बार पैसे जमा होने के बाद किसी भी स्थिति में रिफंड नहीं मिलता, चाहे पास का इस्तेमाल किया जाए या नहीं। यह योजना खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जाती है जो अक्सर नेशनल हाईवे के रास्ते लंबी दूरी की यात्रा करते हैं।