पटना/जमुई। बिहार की राजनीति में एक बड़ा संकेत सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई में आयोजित एक सार्वजनिक सभा के दौरान सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर कहा, “आगे यही सब काम करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और इसे अगले मुख्यमंत्री को लेकर बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सभा में समर्थन की अपील, बढ़ीं चर्चाएं
जमुई के कार्यक्रम में जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से हाथ उठाकर जनता से सम्राट चौधरी को समर्थन देने की अपील भी की। इस सार्वजनिक समर्थन के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि सम्राट चौधरी को भविष्य के नेतृत्व के तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
क्या तय हो गया अगला सीएम?
नीतीश कुमार के इस बयान और बॉडी लैंग्वेज को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जानकारों का मानना है कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ने खुलकर समर्थन जताया, उससे यह संकेत मिल रहा है कि सम्राट चौधरी उनकी पसंद के प्रमुख चेहरे बनकर उभरे हैं। हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं हुई है।
पहले भी दे चुके हैं इशारा
यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हों। इससे पहले 12 मार्च को भी एक जनसभा में उन्होंने कहा था कि उनकी नजर में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त हैं। अब दोबारा दिए गए इस संदेश ने अटकलों को और मजबूत कर दिया है।
महिलाओं को लेकर भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने महिलाओं से कार्यक्रम में रुकने और सरकार की योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं खास तौर पर महिलाओं के हित में चलाई जा रही हैं और आगे भी उनके लिए नए कदम उठाए जाएंगे।