नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में 15 अगस्त से हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है, जिसका फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को खेला जाएगा। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन पहले ही टूर्नामेंट के पूल की घोषणा कर चुका था, और अब पूरे शेड्यूल का भी ऐलान कर दिया गया है। भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जगह बनाने में सफल रही हैं, जहां दोनों को पूल-डी में रखा गया है। खास बात यह है कि पुरुष वर्ग में भारत और पाकिस्तान एक ही पूल में शामिल हैं, जिससे फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है।
15 अगस्त से शुरू होगा भारत का अभियान
भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त से करेगी। टीम को अपने पूल के सभी मुकाबले एम्स्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेलने हैं। पहले मैच में भारत का सामना वेल्स से होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा। पूल स्टेज का आखिरी और सबसे चर्चित मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ होगा, जिस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
टूर्नामेंट के फॉर्मेट की बात करें तो इसमें कुल चार ग्रुप बनाए गए हैं। पूल स्टेज के बाद ए और सी ग्रुप की टॉप-2 टीमें पूल-ई में पहुंचेंगी, जबकि बी और डी ग्रुप की टॉप-2 टीमें पूल-एफ में जगह बनाएंगी। यहीं से खिताब की असली जंग शुरू होगी। पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले 28 अगस्त को खेले जाएंगे।
भारतीय पुरुष टीम का शेड्यूल
15 अगस्त: भारत बनाम वेल्स
17 अगस्त: भारत बनाम इंग्लैंड
19 अगस्त: भारत बनाम पाकिस्तान
महिला टीम चीन के खिलाफ करेगी शुरुआत
भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी, जबकि 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी पूल मुकाबला खेलेगी। महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले 27 अगस्त को होंगे, जबकि फाइनल 29 अगस्त को एम्स्टर्डम में खेला जाएगा।
भारतीय महिला टीम का शेड्यूल
16 अगस्त: चीन बनाम भारत
18 अगस्त: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
20 अगस्त: भारत बनाम इंग्लैंड