1,228 नर्सिंग अधिकारियों को इस दिन मिलेगा नियुक्ति पत्र, 492 को CM योगी स्वयं सौंपेंगे ज्वाइनिंग लेटर

0 33

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में रविवार को 1,228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। राजधानी लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 492 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को प्रदेश के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

लोकभवन में होगा मुख्य कार्यक्रम

लोकभवन सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम को विशेष रूप से तैयार किया गया है। यहां मुख्यमंत्री चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के साथ उन्हें संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि अन्य जिलों में भी एक साथ नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जा सके।

प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेजों में वितरण

राज्य के 13 राजकीय मेडिकल कॉलेज—आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं—के साथ ही जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान कानपुर में भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। यहां कुल 736 अभ्यर्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

भर्ती प्रक्रिया पहले ही हो चुकी पूरी

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार, रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई थी। लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा 1,228 नर्सिंग अधिकारियों का चयन किया गया है। अब सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर जल्द तैनाती दी जाएगी।

महिलाओं की संख्या सबसे अधिक

इस भर्ती में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही है। कुल 1,228 चयनित अभ्यर्थियों में 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।

रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल

सरकार इस वर्ष बड़े स्तर पर युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में काम कर रही है। नर्सिंग अधिकारियों की यह नियुक्ति न केवल युवाओं को रोजगार देगी, बल्कि सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी और बेहतर बनाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.