‘हवाई चप्पल’ से हवाई सफर का सपना, जेवर एयरपोर्ट पहुंचीं ग्रामीण महिलाएं—अयोध्या उड़ान को लेकर दिखा उत्साह
जेवर (ग्रेटर नोएडा)। प्रधानमंत्री के उस संकल्प—‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके’—की झलक जेवर में देखने को मिली, जब आसपास के गांवों से आई महिलाओं का एक समूह सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल पहुंच गया। महिलाओं ने हवाई चप्पल पहने हुए एयरपोर्ट का जायजा लिया और वहां मौजूद कर्मियों से अयोध्या के लिए उड़ानों की शुरुआत को लेकर जानकारी ली।
अयोध्या जाने की जिज्ञासा, टर्मिनल पर पूछे सवाल
लोकार्पण के बाद पहुंचीं इन महिलाओं ने एयरपोर्ट परिसर में एक-एक व्यवस्था को ध्यान से देखा। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से पूछा कि यहां से अयोध्या के लिए उड़ानें कब शुरू होंगी, क्योंकि वे राम लला के दर्शन के लिए हवाई सफर करना चाहती हैं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बताया कि जल्द ही अयोध्या के लिए सेवाएं शुरू होने की संभावना है।
हवाई चप्पल और ग्रामीण जीवन की झलक
एयरपोर्ट पहुंची महिलाओं की सादगी ने सभी का ध्यान खींचा। उनके पैरों में हवाई चप्पल थीं और हाथों में खेतों से चारा लाने वाली तिरपाल भी नजर आई। ग्रामीण परिवेश से आई इन महिलाओं ने टर्मिनल के बाहर समूह में तस्वीरें खिंचवाईं और भविष्य में उड़ान शुरू होते ही अयोध्या जाने की योजना बनाकर अपने घर लौट गईं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भक्ति का रंग
लोकार्पण समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भक्ति का माहौल देखने को मिला। विश्व हिंदू महासंघ के दादरी ब्लॉक अध्यक्ष राहुल कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। मंच पर प्रस्तुति के दौरान ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’ गीत पर उनकी टीम झूम उठी। महिला सदस्यों के भक्तिमय नृत्य ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बच्चों में दिखा उत्साह, नेताओं को देखने की जिद
कार्यक्रम में तैनात महिला पुलिसकर्मी प्रीति चौधरी की ड्यूटी भी यहीं लगी थी। घर से निकलते समय उनकी बेटी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को देखने की जिद की, जिसके बाद वह मां के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। ड्यूटी के साथ प्रीति ने अपनी बेटी की यह इच्छा भी पूरी की।
काले कपड़ों में आए व्यक्ति को नहीं मिला प्रवेश
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। प्रयागराज के हंडिया निवासी प्रशांत कुमार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, लेकिन काले कपड़े पहने होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि इस नियम की जानकारी न होने से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, जिसका उन्हें अफसोस है।
विदेशी मेहमानों को गर्मी से परेशानी
समारोह में विदेश से आए मेहमान भी मौजूद थे। स्विट्जरलैंड से आए परिवारों के साथ आए बच्चे भीड़ और उमस के कारण असहज नजर आए। वे बार-बार पंडाल से बाहर जाते दिखे, लेकिन तेज धूप ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।