जनता दर्शन में फरियादी दीप्ति की गुहार पर एक्शन में सीएम योगी, बरेली डीएम को दिए सख्त निर्देश, कई मामलों में त्वरित निस्तारण के आदेश

0 29

लखनऊ में सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बरेली की दीप्ति ने जब अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां मुख्यमंत्री के सामने रखीं, तो सीएम योगी तुरंत एक्शन मोड में आ गए और जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए।

दीप्ति की पीड़ा सुन भावुक हुआ माहौल, सीएम ने दिए तुरंत समाधान के निर्देश
बरेली निवासी दीप्ति ने बताया कि वह किराए के मकान में रहती हैं और ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। आर्थिक तंगी के चलते बच्चों की परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने तुरंत बरेली के जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए और स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता देखकर दीप्ति भावुक हो गईं।

आवास योजना को लेकर भी सीएम ने दिए निर्देश
जनता दर्शन में कई लोगों ने आवास की मांग से जुड़े आवेदन सौंपे। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार हर पात्र नागरिक को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता के आधार पर सभी आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर लाभ सुनिश्चित किया जाए।

इलाज और आर्थिक सहायता पर भी त्वरित कार्रवाई के आदेश
कई फरियादियों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए और कहा कि इलाज की चिंता सरकार करेगी, परिवार केवल मरीज की देखभाल पर ध्यान दे।

बच्चों की पढ़ाई पर नहीं लगेगा ब्रेक
कुछ अभिभावकों ने आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्कूल प्रबंधन से समन्वय कर बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

अवैध कब्जे और पुलिस मामलों पर भी सख्त रुख
जनता दर्शन में अवैध कब्जे और पुलिस से जुड़े मामलों पर भी शिकायतें सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन सुनिश्चित करें कि हर पीड़ित को समयबद्ध न्याय मिले और समस्या का स्थायी समाधान हो।

सरकार का फोकस जनसेवा पर—सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल कर्तव्य है और राज्य सरकार 25 करोड़ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि हर शिकायत का निस्तारण समय सीमा के भीतर और पूरी गंभीरता के साथ किया जाए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.