ग्रामीणों की मांग पर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, सोरखा गांव के जर्जर शमशानघाट का होगा व्यापक जीर्णोद्धार, बरसात से पहले सुविधाएं देने की तैयारी

0 42

नोएडा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अहम कदम उठाया है। ग्राम सोरखा में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े शमशानघाट के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया है। यह फैसला स्थानीय ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे क्षेत्र में अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सम्मानजनक बनाया जा सके।

शमशानघाट में कई नई सुविधाएं होंगी विकसित

प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित कार्यों के तहत शमशानघाट परिसर में क्षतिग्रस्त टीन शेड और प्लेटफॉर्म की मरम्मत कराई जाएगी। इसके अलावा लकड़ी रखने के लिए अलग से गोदाम का निर्माण किया जाएगा। शोकाकुल आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी। जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए समरसिबल पंप की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। इन सभी कार्यों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

ई-निविदा प्रक्रिया शुरू, बरसात से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य

प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए ई-निविदा आमंत्रित कर दी है। कोशिश है कि आगामी बरसात से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों के अनुसार, कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सेक्टर-122 में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निवासियों ने जताया आभार

वहीं, सेक्टर-122 के पीके ब्लॉक में रहने वाले निवासियों ने क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर प्राधिकरण का धन्यवाद किया है। निवासियों का कहना है कि सेक्टर में स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत उत्कृष्ट, व्यवस्थित और संतोषजनक है। जहां भी सफाई से संबंधित शिकायत आती है, जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसका त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाता है। नालियों और सड़कों की नियमित सफाई के चलते पूरा क्षेत्र साफ और सुंदर बना हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम के कार्य की सराहना

सेक्टरवासियों ने जनरल मैनेजर (स्वास्थ्य विभाग एवं सिविल) अशोक कुमार अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक सतेंद्र गिरि, जूनियर इंजीनियर विकास शर्मा और उनकी टीम के कार्यों की सराहना की है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए दीपक द्विवेदी को भी विशेष धन्यवाद दिया गया है।

सेक्टर-92 में भी स्वच्छता व्यवस्था को मिली सराहना

इसी तरह सेक्टर-92 के निवासियों ने भी क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को स्वच्छ और उत्कृष्ट बताया है। उनका कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाता है और नालियों व सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाती है। इसके चलते पूरा सेक्टर साफ-सुथरा और व्यवस्थित बना रहता है।

अधिकारियों और टीम को निवासियों का धन्यवाद

सेक्टर-92 के निवासियों ने भी जनरल मैनेजर अशोक कुमार अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार, जन स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश भाटी और उनकी टीम के सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। निवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह की सेवाएं और सहयोग मिलता रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.