स्मार्ट मीटर को लेकर यूपी सरकार का बड़ा यू-टर्न, अब पोस्टपेड सिस्टम पर चलेंगे मीटर, हर महीने आएगा बिजली बिल

0 20

उत्तर प्रदेश में स्मार्ट और प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर चल रहे विवाद के बीच योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने ऐलान किया है कि अब प्रदेश में लगाए जा रहे सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड व्यवस्था के तहत काम करेंगे। यानी उपभोक्ताओं को पहले की तरह हर महीने बिजली का बिल मिलेगा और प्रीपेड रिचार्ज की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी।

सरकार के इस फैसले को प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ बढ़ते विरोध और उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद बड़ा राहत कदम माना जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिजली उपभोक्ताओं को बिल भुगतान के लिए अतिरिक्त समय और किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी।

एक महीने के भीतर बिजली काटने पर रोक, विभाग को सख्त निर्देश

ऊर्जा मंत्री ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में एक महीने के भीतर बिजली कनेक्शन न काटा जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रदेश में कई जगहों पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी। उपभोक्ताओं का कहना था कि रिचार्ज खत्म होते ही बिजली सप्लाई बाधित हो जाती थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रीपेड रिचार्ज की बाध्यता खत्म, उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

सरकार के नए फैसले के बाद अब उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसी भी तकनीकी खराबी या बिलिंग विवाद की स्थिति में बिजली सप्लाई प्रभावित नहीं होगी।

इसके अलावा उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार बाद में भुगतान भी कर सकेंगे। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से बिजली बिल भुगतान प्रणाली पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी बनेगी।

मोबाइल पर मिलेगी बिजली बिल की जानकारी

नई व्यवस्था के तहत बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन पर वॉट्सएप और SMS के जरिए बिजली बिल की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही शिकायतों के समाधान के लिए अलग-अलग बिजली वितरण कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड – +91 8010968292
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड – +91 7669003409
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड – +91 7459804803
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड – +91 8010957826
केस्को विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड – +91 8287835231

इसके अलावा उपभोक्ता 1912 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

कई जिलों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप

सरकार ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कई जिलों में विशेष उपभोक्ता कैंप लगाने का भी फैसला किया है। जिन घरों में पहले से प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें भी पोस्टपेड सिस्टम में बदला जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और बिजली सेवाओं को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.