Uttarakhand Weather Update: 7 मई तक पहाड़ों में बारिश और ठंड का दौर जारी, 11 मई से फिर बदलेगा मौसम

0 20

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में 7 मई तक बारिश और सर्दी का दौर जारी रहेगा। इसके बाद 8 से 10 मई के बीच मौसम कुछ राहत दे सकता है, लेकिन 11 मई से एक बार फिर मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते राज्यभर में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी 6.7 डिग्री तक गिरावट रिकॉर्ड की गई है।

7 मई तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल के अनुसार 6 और 7 मई को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

मैदानी इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं 8 मई से 10 मई के बीच अधिकतर मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रह सकती है।

11 मई से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 11 मई से एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर बढ़ने लगेगा।

ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को भारी नुकसान

बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। मसूरी और चकराता क्षेत्रों में गेहूं और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार करीब 15 हेक्टेयर गेहूं की फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा सेब, आड़ू, मटर, धनिया, मिर्च, आम और लीची जैसी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

जिला कृषि अधिकारी और जिला उद्यान अधिकारी ने सभी ब्लॉकों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि पहली बार इतनी अधिक ओलावृष्टि देखने को मिली है, जिससे किसान और विभाग दोनों चिंतित हैं।

दून समेत कई इलाकों में बढ़ी ठंड

देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे। ठंडी हवाएं चलने और बीच-बीच में बारिश होने से मौसम काफी ठंडा बना रहा।

दून में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं मसूरी में तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम होकर 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मसूरी में बारिश और कोहरे से बढ़ी ठंड

पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। देर शाम आसमान में घने बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही शहर में घना कोहरा भी फैल गया।

मौसम बदलते ही माल रोड पर सन्नाटा पसर गया और अधिकांश पर्यटक होटल लौटते दिखाई दिए। दिनभर धूप खिलने के बाद शाम को अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.