तमिलनाडु में सत्ता गठन पर सस्पेंस: विजय ने 112 विधायकों का समर्थन सौंपा, राज्यपाल ने मांगा 118 का आंकड़ा, शपथ ग्रहण पर अनिश्चितता बरकरार

0 24

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है और समारोह 8 मई की सुबह आयोजित किए जाने की योजना है। हालांकि मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए शपथ ग्रहण तय समय पर हो पाएगा या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है।

राज्यपाल ने बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन मांगा
सरकार गठन के दावे के बाद विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। लेकिन सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि स्थिर सरकार के लिए 118 विधायकों के समर्थन का पत्र प्रस्तुत करना अधिक उचित होगा।
इसी बीच 5 मई 2026 से तमिलनाडु की 16वीं विधानसभा को भंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

विजय के पास फिलहाल 112 विधायकों का समर्थन
विजय ने मुलाकात के दौरान 112 विधायकों के समर्थन का दावा पेश किया। दरअसल, वह दो सीटों से जीतकर आए हैं, ऐसे में टीवीके के विधायकों की संख्या 107 है। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है। इस तरह कुल मिलाकर विजय के पास अभी 112 विधायकों का समर्थन है, जो बहुमत के आंकड़े से कम है।

छोटी पार्टियों के रुख पर टिकी नजर
सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल से बातचीत के बाद विजय ने अतिरिक्त समय की मांग की है। दो विधायकों वाली वीसीके ने गुरुवार को समर्थन पर फैसला लेने की बात कही है। वहीं वाम दलों के चार विधायकों के समर्थन के लिए 8 मई तक इंतजार करना पड़ सकता है।
पीएमके के चार विधायकों ने विजय से मुलाकात तो की है, लेकिन समर्थन पत्र अब तक नहीं सौंपा गया है। ऐसे में सरकार गठन की दिशा में गणित अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

एआईएडीएमके और कांग्रेस के रुख से बदली सियासत
राजनीतिक समीकरणों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। एआईएडीएमके और कांग्रेस दोनों ही विजय के खेमे की ओर झुकती नजर आ रही हैं, हालांकि एआईएडीएमके के भीतर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार में शामिल होने के बजाय बाहरी समर्थन देने का संकेत दिया है। वहीं कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देते हुए यह शर्त रखी है कि गठबंधन में ऐसी किसी भी सांप्रदायिक ताकत को शामिल न किया जाए जो संविधान में विश्वास नहीं रखती हो।

कांग्रेस सक्रिय, सहयोगी दलों से संपर्क तेज
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस विजय के समर्थन को मजबूत करने के लिए सीपीएम, सीपीआई, वीसीके और आईयूएमएल जैसी पार्टियों से संपर्क साध रही है, जो पहले डीएमके के साथ जुड़ी रही हैं।
वीसीके गुरुवार को अपनी बैठक में यह तय करेगी कि वह टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगी या नहीं।

शपथ ग्रहण की तैयारी, लेकिन तस्वीर साफ नहीं
विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में शुरू हो चुकी हैं और इसे 8 मई की सुबह आयोजित करने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक इस समारोह में राहुल गांधी के शामिल होने की भी संभावना है।
हालांकि बहुमत के आंकड़े को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच यह देखना अहम होगा कि विजय तय समय पर शपथ ले पाते हैं या नहीं।

डीएमके ने कांग्रेस पर लगाया विश्वासघात का आरोप
टीवीके और कांग्रेस के बीच गठबंधन को अंतिम रूप दिए जाने के बाद डीएमके ने कांग्रेस पर “विश्वासघात” का आरोप लगाया है, जिससे राज्य की राजनीति में टकराव और तेज हो गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.