हमीरपुर में यमुना नदी पर बड़ा हादसा: नाव पलटने से 6 लोगों के डूबने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

0 32

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार देर रात यमुना नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र में नाव पलटने से बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें 9 लोग सवार थे। इनमें से 6 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 3 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में मातम जैसा माहौल है।

तरबूज लेने गए थे नदी पार, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, भौली गांव के मजरा कोतुपुर पटिया में मंगलवार को श्रीपाल की बेटी की शादी थी। बुधवार को विदाई के बाद शाम के समय परिजन और रिश्तेदार यमुना नदी पार कर तरबूज खाने गए थे।
वापसी के दौरान नाव चला रहा युवक मोबाइल पर बात करने लगा, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इसके बाद सभी लोग नदी में गिर गए।

3 लोग सुरक्षित, 6 लोग अब भी लापता
हादसे के बाद तीन लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बाकी 6 लोग अभी तक लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

NDRF और गोताखोरों के साथ तेज हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। SDM अभिषेक कुमार और CO राजेश कमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ NDRF की टीम को भी बुलाया गया है और यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

लापता लोगों की सूची में बच्चे और महिलाएं भी शामिल
हादसे में जिन लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है, उनमें 9 वर्षीय रानी, 9 वर्षीय आकांक्षा, 25 वर्षीय ब्रजरानी, 5 वर्षीय लव्यांश, 5 वर्षीय गोरेलाल, 11 वर्षीय आदित्य सहित अन्य लोग शामिल हैं। इनमें से तीन लोग सुरक्षित बाहर आ चुके हैं, जबकि 6 का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। जिन परिवारों के सदस्य लापता हैं, उनके घरों में चीख-पुकार मची हुई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी लापता लोगों की तलाश जल्द से जल्द पूरी की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.