मुरादाबाद के पीतल उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, बरेली-हल्द्वानी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनेगा कारोबार और पर्यटन का बड़ा कॉरिडोर

0 34

देश और दुनिया में पीतल नगरी के नाम से पहचान रखने वाले मुरादाबाद के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जिले के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से बरेली से हल्द्वानी के बीच प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को अब मुरादाबाद से भी जोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि यह परियोजना मुरादाबाद के पीतल उद्योग के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।

मुरादाबाद अपने पीतल उद्योग के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। यहां तैयार होने वाली मूर्तियां, अगरबत्ती स्टैंड, ट्रे, बर्तन, घंटियां, फूलदान, दीये और सजावटी सामान की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक है। ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से उद्योग और निर्यात कारोबार को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

100 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट पर शुरू हुआ काम

करीब 100 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए जमीन के सीमांकन का कार्य शुरू हो चुका है। परियोजना को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

व्यापारियों का मानना है कि उत्तराखंड से सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलने से धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आएगी, जिसका सीधा फायदा मुरादाबाद के कारोबार को मिलेगा।

पीतल, लकड़ी और एल्यूमीनियम उद्योग को होगा फायदा

मुरादाबाद के पीतल कारोबारियों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे बनने के बाद व्यापारिक गतिविधियां और तेज होंगी। पीतल उद्योग के साथ-साथ लकड़ी और एल्यूमीनियम कारोबार को भी इसका लाभ मिलेगा।

पीतल निर्यातक सलमान ने कहा कि सरकार लगातार उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है और यह नया हाईवे व्यापारियों के लिए एक मजबूत आर्थिक कॉरिडोर के रूप में उभरेगा।

जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की योजना के तहत इस एक्सप्रेस-वे को मुरादाबाद-बरेली हाईवे से जोड़ा जाएगा।

दिल्ली से कुमाऊं तक सफर होगा आसान

इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहन बिना बरेली शहर में प्रवेश किए सीधे एक्सप्रेस-वे के जरिए उत्तराखंड पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा और ट्रैफिक दबाव भी घटेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह इंटर-लिंकिंग उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

नैनीताल से अल्मोड़ा तक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनने के बाद नैनीताल, भीमताल, रानीखेत और अल्मोड़ा जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इससे उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

वहीं दूसरी ओर मुरादाबाद का पीतल उद्योग, रामपुर का लकड़ी कारोबार, जरी उद्योग और कृषि उत्पादों की सप्लाई पहाड़ी क्षेत्रों तक कम समय में हो सकेगी। मालवाहक वाहनों के लिए यह मार्ग बेहद उपयोगी साबित होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.