RPSC SI भर्ती परीक्षा-2021 रद्द, सितंबर 2026 में दोबारा होगा एग्जाम; केवल पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
अजमेर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद वर्ष 2021 में आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारी सितंबर 2026 में कराए जाने की है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस पुनः परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा रही है।
3.83 लाख अभ्यर्थियों को ही मिलेगा मौका
RPSC अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने जानकारी दी है कि इस दोबारा होने वाली परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने वर्ष 2021 की लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में भाग लिया था। कुल 3,83,097 अभ्यर्थी ही इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे।
नई आवेदन प्रक्रिया के लिए किसी भी नए उम्मीदवार को अवसर नहीं दिया जाएगा।
16 मई से शुरू होगा आवेदन में संशोधन
आयोग ने अभ्यर्थियों को अपने पुराने आवेदन पत्रों में सुधार का अवसर दिया है। यह प्रक्रिया 16 मई 2026 से शुरू होकर 30 मई 2026 तक चलेगी।
इस दौरान उम्मीदवार अपने मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और पत्राचार के पते में बदलाव कर सकेंगे।
OTR KYC अपडेट करना अनिवार्य
आवेदन संशोधन से पहले सभी अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की KYC प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। जिन उम्मीदवारों ने अपनी SSO ID बदली है, वे ‘फेच एप्लीकेशन फॉर्म’ विकल्प का उपयोग कर पुराना डेटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।
इसके साथ ही लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान जैसी जानकारी OTR से स्वतः लिंक हो जाएगी।
बिना संशोधन भी देना होगा स्वघोषणा प्रमाण
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को अपने आवेदन में कोई बदलाव नहीं करना है, तब भी उसे एडिट मोड में जाकर यह घोषित करना होगा कि किसी संशोधन की आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही बायोमेट्रिक उपयोग की सहमति देना भी अनिवार्य होगा।
इसके बाद OTP के माध्यम से अंतिम सब्मिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पात्रता शर्तों में नहीं होगा बदलाव
आयोग ने साफ किया है कि इस परीक्षा में आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता शर्तें 2021 के मूल आवेदन के समय के अनुसार ही मान्य रहेंगी। इनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर RPSC की आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल पर अपडेट चेक करते रहें।