RailOne ऐप से यात्रियों को बड़ी राहत, टिकट बुकिंग से पहले ही पता चलेगा वेटिंग कन्फर्म होगी या नहीं

0 151

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में बढ़ती यात्रियों की संख्या और सीमित सीटों के कारण कन्फर्म टिकट मिलना लगातार चुनौती बनता जा रहा है। खासकर त्योहारों, छुट्टियों और व्यस्त रूटों पर टिकट कुछ ही मिनटों में फुल हो जाते हैं, जिसके बाद यात्रियों को वेटिंग टिकट पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार यात्रा की तारीख तक टिकट कन्फर्म नहीं हो पाती और पूरा प्लान प्रभावित हो जाता है।

इसी समस्या को दूर करने के लिए रेल मंत्रालय ने नया डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘RailOne’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप यात्रियों को टिकट बुकिंग से पहले ही यह अनुमान देने में सक्षम है कि उनकी वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है।

AI तकनीक से मिलेगा टिकट कन्फर्मेशन का अनुमान

RailOne ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसका AI आधारित प्रेडिक्शन सिस्टम है। यह फीचर यात्रियों को टिकट बुकिंग से पहले संभावित कन्फर्मेशन की जानकारी देता है।

ऐप का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम पुराने यात्रा डेटा, सीट बुकिंग ट्रेंड और कैंसिलेशन पैटर्न का विश्लेषण कर यह अनुमान लगाता है कि वेटिंग टिकट कन्फर्म हो सकती है या नहीं।

रेल मंत्रालय के अनुसार शुरुआत में इस फीचर की सटीकता करीब 53 प्रतिशत थी, लेकिन लगातार सुधार के बाद अब इसकी एक्यूरेसी लगभग 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।

एक ही ऐप में रेलवे की कई सुविधाएं

RailOne ऐप को यात्रियों के लिए ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें सिर्फ रिजर्वेशन टिकट ही नहीं, बल्कि रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

यात्री इस ऐप के जरिए जनरल और अनरिजर्व्ड टिकट ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने, ट्रेन की लाइव लोकेशन ट्रैक करने और रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

पहले अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग ऐप इस्तेमाल करने पड़ते थे, लेकिन अब सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं।

अनरिजर्व्ड टिकट पर मिल रही छूट

रेल मंत्रालय डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए RailOne ऐप के जरिए अनरिजर्व्ड टिकट बुक करने पर करीब 3 प्रतिशत की छूट भी दे रहा है। माना जा रहा है कि इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे की डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल भी बढ़ेगा।

यात्रियों की परेशानी कम करने की कोशिश

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि RailOne ऐप से यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी। खासकर वेटिंग टिकट के कन्फर्मेशन को लेकर जो असमंजस रहता था, उसे काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.