UP Weather: आंधी-बारिश से यूपी में तबाही, 72 मौतों पर सख्त हुए सीएम योगी; अफसरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश

0 30

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेमौसम आंधी, तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालात को गंभीर देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल एक्शन लेते हुए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि पीड़ितों की मदद में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और मुआवजा वितरण का काम 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही प्रभावित इलाकों में अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।

राजस्व और कृषि विभाग को सर्वे के निर्देश

सीएम योगी ने प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहानि, पशुहानि और फसलों के नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।

100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी

मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई। दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं के असर से कई जिलों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज तूफान के कारण जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे और साइन बोर्ड गिर गए, जिससे बिजली व्यवस्था और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में सबसे ज्यादा तबाही

प्रदेश में सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में दर्ज किया गया। पूर्वांचल में 24 लोगों की मौत हुई, जबकि प्रयागराज मंडल में 15 लोगों ने जान गंवाई।

गोरखपुर में 5, भदोही में 11, मिर्जापुर में 5, चंदौली में 2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की मौत हुई। भदोही के औराई इलाके में मंदिर की दीवार गिरने से दो महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई।

प्रयागराज में शाम के समय आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। यहां ग्रामीण इलाकों में 12 लोगों की मौत हुई, जबकि प्रतापगढ़ में 3 लोगों की जान गई। सिद्धार्थनगर में टिनशेड गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। बस्ती में एक व्यक्ति की जान गई, जबकि गोरखपुर में एक बुजुर्ग सीढ़ी से गिरकर मौत का शिकार हो गए। देवरिया में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई।

मध्य यूपी और रुहेलखंड में भी भारी नुकसान

मध्य यूपी में भी आंधी-तूफान ने जमकर कहर बरपाया। फतेहपुर में सबसे ज्यादा 8 लोगों की मौत दर्ज की गई। इसके अलावा उन्नाव में 3, हरदोई में 2 और झांसी व कानपुर देहात में 1-1 व्यक्ति की जान गई।

रुहेलखंड क्षेत्र में बदायूं और बरेली सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। बदायूं में 6 और बरेली में 4 लोगों की मौत हुई। तेज हवाओं के चलते कई मकान और ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

अवध और मुरादाबाद मंडल में भी बिगड़े हालात

अवध क्षेत्र में भी मौसम का कहर देखने को मिला। सीतापुर में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि रायबरेली में करंट लगने से एक किशोरी समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। ऊंचाहार क्षेत्र में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक किसान की मौत हो गई।

मुरादाबाद मंडल के संभल जिले में दीवार और बिजली का पोल गिरने से महिला समेत दो लोगों की जान चली गई। अमरोहा में आठ लोग घायल हुए हैं। तेज आंधी के कारण मंडल में 250 से ज्यादा बिजली के पोल गिर गए, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.