भारत के युवाओं में बढ़ रहा ‘साइलेंट किलर’, 30 से पहले हाई BP बना खतरा

तनाव, स्क्रीन टाइम और खराब लाइफस्टाइल से बढ़ रहे हाइपरटेंशन के मामले, डॉक्टरों ने दी चेतावनी

0 29

नोएडा: कभी बढ़ती उम्र की बीमारी माने जाने वाला हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) अब भारत के युवाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। बदलती लाइफस्टाइल, बढ़ता मानसिक तनाव, घंटों स्क्रीन टाइम, फास्ट फूड और नींद की कमी ने युवाओं में इस बीमारी के खतरे को कई गुना बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे अब “साइलेंट किलर” मान रहे हैं, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर दिखाई नहीं देते।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे (NFHS-5) के आंकड़ों के अनुसार भारत में लगभग 24 प्रतिशत पुरुष और 21.3 प्रतिशत महिलाएं हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रही हैं। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार दुनियाभर में करीब 1.4 अरब लोग हाइपरटेंशन से प्रभावित हैं।

हालिया रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य अध्ययनों ने चिंता और बढ़ा दी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) से जुड़े अध्ययनों के मुताबिक देश में हाई ब्लड प्रेशर की व्यापकता 35.5 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, यानी हर तीन में से एक भारतीय इस बीमारी से प्रभावित हो सकता है। चौंकाने वाली बात यह है कि बड़ी संख्या में लोगों को यह तक पता नहीं होता कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य स्तर से ऊपर है।

युवाओं में तेजी से बढ़ रहे मामले

विशेषज्ञों का कहना है कि बीते कुछ वर्षों में युवा प्रोफेशनल्स में हाई ब्लड प्रेशर के मामले तेजी से बढ़े हैं। वर्क फ्रॉम होम, नाइट शिफ्ट, 8 से 10 घंटे स्क्रीन टाइम, कम शारीरिक गतिविधि, अनियमित खानपान और सोशल मीडिया से जुड़ा मानसिक दबाव इस समस्या को बढ़ावा दे रहे हैं।

डॉ. कृष्ण यादव के अनुसार, पिछले 5 से 10 वर्षों में युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पताल की कार्डियोलॉजी ओपीडी में आने वाले लगभग 30 प्रतिशत मरीज हाई ब्लड प्रेशर से प्रभावित पाए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या 30 से 45 वर्ष आयु वर्ग की है।

उन्होंने कहा, “हाइपरटेंशन को ‘साइलेंट किलर’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि शुरुआती चरण में इसके लक्षण सामने नहीं आते। कई लोगों को बीमारी का पता तब चलता है, जब हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, किडनी फेलियर या हार्ट फेलियर जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ जाती हैं।”

युवाओं के लिए चेतावनी

एक अन्य राष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार भारत में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 28 प्रतिशत वयस्क हाई ब्लड प्रेशर से प्रभावित हैं, लेकिन हर तीन में से दो मरीजों को अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं होती।

डॉ. अनिल कुमार कुमाऊनी ने कहा कि अगर युवा समय रहते अपनी जीवनशैली में सुधार नहीं करते, तो आने वाले वर्षों में भारत में हार्ट डिजीज और स्ट्रोक के मामलों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

कैसे करें बचाव?

विशेषज्ञ युवाओं को हाई ब्लड प्रेशर से बचने के लिए कुछ जरूरी सलाह दे रहे हैं—

  • 30 वर्ष की उम्र के बाद नियमित बीपी जांच कराएं
  • रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें
  • 7 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लें
  • नमक और जंक फूड का सेवन सीमित करें
  • तनाव कम करने के लिए योग और मेडिटेशन अपनाएं
  • स्क्रीन टाइम कम करें और एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाएं
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.