Japan Earthquake: जापान में भूकंप के तेज झटकों से दहशत, कागोशिमा में हिलीं इमारतें; सुनामी को लेकर आया बड़ा अपडेट
टोक्यो: जापान के दक्षिणी हिस्से में बुधवार सुबह भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। कागोशिमा क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद कई इमारतें तेजी से हिलने लगीं, जिससे लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.9 दर्ज की गई। झटके ओकिनावा मुख्य द्वीप के आसपास भी महसूस किए गए।
जापानी पैमाने पर ‘अपर 5’ दर्ज
जापानी भूकंप तीव्रता पैमाने पर इस भूकंप को ‘अपर 5’ श्रेणी में रखा गया है, जिसे काफी मजबूत कंपन माना जाता है। भूकंप के कारण इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने साफ किया है कि फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
पूर्वी चीन सागर में भी महसूस हुए तेज झटके
इसी बीच पूर्वी चीन सागर में भी बुधवार सुबह 6.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जापान के दक्षिणी द्वीपों कागोशिमा और ओकिनावा के करीब बताया गया है।
तटीय इलाकों में तेज कंपन महसूस किए गए, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया।
हिंद महासागर में भी आया भूकंप
जापान के अलावा हिंद महासागर क्षेत्र में भी बुधवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार सुबह करीब 7:30 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई।
हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
चीन में भी भूकंप से मची तबाही
इससे पहले चीन के ग्वांग्शी क्षेत्र में सोमवार को 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे।
भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। लिउझोऊ शहर से 7 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला गया था।