मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, गौतमबुद्धनगर में चलेगा विशेष अभियान; इन नागरिकों को मिलेगा फायदा

0 23

गौतमबुद्धनगर: निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिकों को शत-प्रतिशत मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए।

ईपी और जेंडर रेशियो बढ़ाने पर जोर

डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर अरुण कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो निर्धारित मानक से कम है। इसे बढ़ाने के लिए निरंतर पुनरीक्षण की अवधि में विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए ‘कोई मतदाता न छूटे’ के उद्देश्य को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

इन नागरिकों के नाम मतदाता सूची में किए जाएंगे शामिल

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे निरंतर पुनरीक्षण-2026 में पात्र युवाओं, छूटे हुए मतदाताओं, पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले नागरिकों, बेघर मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

अभियान के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए। इस अभियान में महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा।

मतदाता सूची में नाम नहीं है तो यहां से लें फॉर्म

जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत निर्धारित स्थानों से संबंधित फॉर्म प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं।

मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी या बूथ लेवल अधिकारी से फॉर्म लेकर उसे भरकर जमा किया जा सकता है। इसके अलावा तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं।

ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं फॉर्म

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने या नाम हटाने के लिए ऑनलाइन माध्यम की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मतदाता सेवा वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-8 और फॉर्म-7 जमा कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.