जबलपुर NCC कैंप में अचानक मचा हड़कंप, 35 से 40 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती; फूड पॉइजनिंग या लू की आशंका
जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित IIITDM संस्थान में चल रहे एनसीसी कैंप में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 35 से 40 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद पूरे कैंप में हड़कंप मच गया और सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कैंप में 400 से ज्यादा बच्चे मौजूद
जानकारी के अनुसार, जबलपुर स्थित IIITDM संस्थान में आयोजित एनसीसी कैंप में करीब 400 बच्चे शामिल थे, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों से प्रशिक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक आशंका के तौर पर लू लगने या फूड पॉइजनिंग की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कैंप में मौजूद गाइड्स और अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए बच्चों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
अधिकारियों का बयान
अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित बच्चों में शुरुआती लक्षण फूड पॉइजनिंग या तेज गर्मी के कारण लू लगने जैसे पाए गए हैं। सीएसपी सोनू कुर्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी बच्चे चिकित्सकीय निगरानी में हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी।