दिल्ली में 24 मई को बड़े ट्रैफिक जाम की आशंका, लाल किले के कार्यक्रम के चलते कई रूट प्रभावित; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 24 मई को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि लाल किले पर आयोजित होने वाले ‘जनजाति सांस्कृतिक समागम’ के चलते मध्य और उत्तरी दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने और शोभा यात्राओं के चलते ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही विस्तृत एडवाइजरी जारी कर दी है।
करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जनजाति जागृति समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम से जुड़ी कई शोभा यात्राएं श्यामगिरि मंदिर, रामलीला मैदान, राजघाट, कुदेसिया पार्क और अजमेरी गेट से शुरू होकर लाल किले की ओर बढ़ेंगी, जिससे कई मार्गों पर दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है।
कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध की चेतावनी
जारी एडवाइजरी के मुताबिक जीटी करनाल रोड पर शास्त्री पार्क से तीस हजारी तक, बुलेवार्ड रोड, श्यामनाथ मार्ग और लोथियन रोड पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन की स्थिति बन सकती है। वहीं पुल डफरिन से केला घाट तक हैमिल्टन रोड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर भी दोनों लेन प्रभावित रहने की आशंका है।
दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना
इसके अलावा राजघाट से दिल्ली गेट तक जवाहरलाल नेहरू मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट चौक तक आसफ अली रोड और निषाद राज मार्ग पर भी यातायात बाधित रह सकता है। रिंग रोड, आईटीओ चौक, मिंटो रोड, चावड़ी बाजार, देशबंधु गुप्ता रोड और आसपास के इलाकों में भी ट्रैफिक दबाव बढ़ने की चेतावनी दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने दी सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे 24 मई को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी अपडेट के लिए ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर बनाए रखें।