दिल्ली में 27 मई की छुट्टी रद्द, अब 28 मई को बंद रहेंगे केंद्र सरकार के दफ्तर; मंत्रालय ने जारी किया नया आदेश

0 23

नई दिल्ली: बकरीद की तारीख में बदलाव के बाद केंद्र सरकार ने दिल्ली में घोषित अवकाश को लेकर नया आदेश जारी किया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अब 27 मई को केंद्र सरकार के सभी कार्यालय खुले रहेंगे, जबकि 28 मई को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद के अवसर पर छुट्टी रहेगी। इससे पहले 27 मई को अवकाश घोषित किया गया था।

मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि ईद-उल-जुहा की तारीख में बदलाव के चलते अवकाश की तिथि भी संशोधित की गई है। आदेश के मुताबिक दिल्ली और नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय अब 28 मई को बंद रहेंगे।

चांद न दिखने से बदली बकरीद की तारीख

दिल्ली की जामा मस्जिद के नायब इमाम सैय्यद शाबान बुखारी ने 17 मई को घोषणा की थी कि भारत में बकरीद का त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा। इस्लामी कैलेंडर के अनुसार धुल हिज्जा साल का बारहवां और सबसे पवित्र महीना माना जाता है। इसी महीने की 10वीं तारीख को ईद-उल-अजहा मनाई जाती है, जिसे भारत में बकरीद के नाम से जाना जाता है।

बताया गया कि 17 मई को चांद दिखाई नहीं देने के कारण सऊदी अरब में धुल हिज्जा महीने की शुरुआत 19 मई से मानी गई। इसी आधार पर 28 मई को बकरीद का त्योहार मनाने का फैसला लिया गया।

त्याग और कुर्बानी का प्रतीक है बकरीद

ईद-उल-अजहा इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में शामिल है। यह त्योहार त्याग, बलिदान और इंसानियत की भावना का प्रतीक माना जाता है। मुस्लिम समुदाय इस पर्व को धार्मिक आस्था और परंपराओं के साथ मनाता है। बकरीद के मौके पर नमाज अदा करने के साथ कुर्बानी की रस्म भी निभाई जाती है।

दिल्ली सरकार ने जारी की सख्त गाइडलाइन

बकरीद को देखते हुए दिल्ली सरकार ने भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने साफ किया है कि गाय, बछड़े और ऊंट जैसे प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों को त्योहार के दौरान नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी देने और जानवरों के अवशेष खुले में फेंकने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन को साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.