लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य में लगातार हो रही बिजली कटौती, उत्पादन क्षमता की कमी और बिजली व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट से परेशान है, जबकि सरकार हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में चल रहे असहनीय बिजली संकट के लिए आम कर्मचारी या लाइनमैन जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के हजारों संविदा कर्मचारियों की छंटनी के बाद कर्मचारी पहले से ज्यादा दबाव में काम कर रहे हैं और जनता को अपना गुस्सा उन पर नहीं निकालना चाहिए।
‘महा विद्युत आपदा’ के लिए सरकार जिम्मेदार: अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस “महा विद्युत आपदा” के लिए बीजेपी सरकार, बिजली मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर, पार्षद, विभागीय अधिकारी और भ्रष्ट ठेकेदार जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि नई मांग को पूरा करने के लिए न कोई नया पावर प्लांट लगाया गया और न ही ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन व्यवस्था को मजबूत किया गया। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना पर भी सवाल उठाते हुए इसे “महाभ्रष्टाचार” करार दिया।
शिकायत करने वालों को धमकाने का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बिजली संकट की शिकायत करने वाले लोगों को धमकाया जा रहा है और उनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों तक में बिजली संकट की स्थिति बनी हुई है और महंगे डीजल के कारण कई जगह जेनरेटर भी बंद पड़े हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर के बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बिजली आने पर मोबाइल चार्ज रखने और टॉर्च तैयार रखने की सलाह भी दी। उन्होंने यह भी कहा कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पानी संकट और गर्मी को लेकर भी दी चेतावनी
सपा प्रमुख ने कहा कि बिजली संकट का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से पानी स्टोर करके रखने और लगातार पानी पीकर गर्मी से बचने की अपील की। पशुओं की देखभाल को लेकर भी उन्होंने लोगों को सतर्क रहने को कहा।
‘3×660 सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट’ वाले बयान पर तंज
योगी सरकार पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार से नए बिजली संयंत्र लगाना तो हो नहीं पाया, लेकिन कम से कम “3×660 सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट” जैसा शब्द ही बोल देते तो गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिल जाती।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बिजली की मांग और दाम तो बढ़ रहे हैं, लेकिन सप्लाई लगातार कमजोर हो रही है। आखिर में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा राज, उप्र खस्ताहाल।”