जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्त हुआ नोएडा प्राधिकरण, सामग्री न लेने वाले कर्मचारियों पर FIR के निर्देश
नोएडा: जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपना लिया है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन प्रगणकों और प्रवेक्षकों ने अब तक जनगणना सामग्री प्राप्त कर कार्य शुरू नहीं किया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जनगणना-2027 का पहला चरण 22 मई 2026 से शुरू होकर 20 मई 2027 तक संचालित किया जाना है। इस कार्य के लिए नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में जनगणना कार्य कराने के लिए 2046 प्रगणकों और 341 प्रवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
700 प्रगणक और 140 प्रवेक्षक ने अब तक नहीं लिया सामान
प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को लगातार फोन कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दी गई। आदेश की प्रतियां भी भेजी गईं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अब तक जनगणना सामग्री प्राप्त नहीं की है। आंकड़ों के मुताबिक 700 प्रगणक और 140 प्रवेक्षक अभी तक अपना सामान लेने नहीं पहुंचे हैं।
26 मई दोपहर 12 बजे तक का दिया गया अंतिम समय
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश जारी करते हुए कहा कि 26 मई 2026 को दोपहर 12 बजे तक जिन कर्मचारियों द्वारा जनगणना सामग्री प्राप्त कर कार्य प्रारंभ नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
प्राधिकरण ने सभी नियुक्त कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सामग्री प्राप्त कर जनगणना कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।