मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को मिलेगा विस्तार, दादरी में खुलेगा नया सेंटर; 15 जुलाई से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं

0 22

गौतमबुद्धनगर: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की समीक्षा बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए यूपीएससी, नीट, जेईई और यूपीपीसीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं हेतु संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जनपद में संचालित अभ्युदय योजना की प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, नए केन्द्रों की स्थापना और शैक्षिक संसाधनों को लेकर चर्चा की गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने योजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए जनपद में तीन केन्द्र प्रस्तावित हैं। इनमें सेक्टर-37 स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय, सेक्टर-93 का पंचशील बालक इंटर कॉलेज और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा शामिल हैं।

दादरी में खुलेगा नया अभ्युदय केंद्र

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मिहिर भोज बालक इंटर कॉलेज, दादरी में एक नए अभ्युदय केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी। साथ ही निर्देश दिए गए कि आगामी 15 जुलाई से सभी केंद्रों पर नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। केंद्रों के संचालन के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर किए जाने की भी स्वीकृति दी गई।

ऑनलाइन क्लास की मॉनिटरिंग होगी मजबूत

जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर संचालित ऑनलाइन कक्षाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और रिकॉर्डिंग के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा छात्रों को आवश्यक पुस्तकों और स्टेशनरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

साक्षात्कार के जरिए होगा व्याख्याताओं का चयन

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शासनादेश के तहत मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति साक्षात्कार के माध्यम से व्याख्याताओं का चयन करेगी। साथ ही पहले से चयनित व्याख्याताओं का भी दोबारा इंटरव्यू कराने के निर्देश दिए गए, ताकि गुणवत्ता और दक्षता के आधार पर योग्य शिक्षकों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के कोर्स को-ऑर्डिनेटर दीपांशु सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.