आज केरल नहीं पहुंचा मॉनसून! IMD ने बताया ताजा हाल, 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली समेत उत्तर भारत में जारी रहेगा हीटवेव का कहर

0 23

नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मॉनसून का इंतजार है, लेकिन 26 मई को केरल पहुंचने की संभावना जताए जाने के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अभी आधिकारिक दस्तक नहीं दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं और अगले 2 से 3 दिनों में इसके अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

हालांकि केरल के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, लेकिन मौसम विभाग ने अब तक मॉनसून के प्रवेश की औपचारिक घोषणा नहीं की है। सामान्य तौर पर केरल में मॉनसून 1 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके पहले आने की संभावना जताई जा रही थी।

उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी और लू का असर अभी बरकरार है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इसके साथ ही मई महीने की करीब 14 वर्षों की सबसे गर्म रात भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए लू चलने की चेतावनी दी है। अनुमान है कि राजधानी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 मई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान के कई हिस्सों में भी 28 और 29 मई को बारिश के संकेत मिले हैं।

पूर्वी भारत में भी मौसम करवट ले सकता है। IMD के मुताबिक 26 और 27 मई को बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा झारखंड में 28 से 31 मई, ओडिशा में 26 से 28 मई और गंगीय पश्चिम बंगाल में 26 व 30 मई को बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट

केरल के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा और एर्नाकुलम जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और अलप्पुझा में बुधवार के लिए भी अलर्ट जारी रहेगा।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 26 मई को भारी बारिश हो सकती है। वहीं केरल में 26-27 मई और 30-31 मई के दौरान तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लक्षद्वीप में 30 और 31 मई तथा उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 27 मई को भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

मॉनसून को लेकर बढ़ी उम्मीदें

मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रहे अनुकूल सिस्टम की वजह से मॉनसून की रफ्तार आने वाले दिनों में तेज हो सकती है। ऐसे में देश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव का असर जारी रहने के आसार हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.