7 अक्टूबर हमले के मास्टरमाइंड का खात्मा! इजरायल ने हमास के नए आर्मी चीफ मुहम्मद ओदेह को मार गिराने का किया दावा

0 26

तेल अवीव: मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच इजरायल ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने गाजा में हमास के नए सैन्य प्रमुख मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है। इजरायली सेना के मुताबिक, मुहम्मद ओदेह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल था। इस कार्रवाई को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के निर्देश पर अंजाम दिया गया।

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की। सेना का कहना है कि 7 अक्टूबर के हमले के दौरान मुहम्मद ओदेह हमास के इंटेलिजेंस विभाग का प्रमुख था और कई बड़े हमलों की योजना में उसकी अहम भूमिका थी।

हाल ही में बना था हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख

जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले ही मुहम्मद ओदेह को हमास की सैन्य शाखा का नया प्रमुख बनाया गया था। उसने इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद की जगह ली थी, जिसे दो सप्ताह पहले गाजा में इजरायली हमले में मार गिराया गया था।

इजरायली सेना ने दावा किया है कि ओदेह इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण और कई बड़े आतंकी हमलों में सीधे तौर पर शामिल था। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा कि इजरायल उन सभी लोगों तक पहुंचेगा जो 7 अक्टूबर के हमले में शामिल रहे हैं।

नेतन्याहू बोले- किसी को नहीं छोड़ेंगे

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, “हमने मुहम्मद ओदेह को निशाना बनाया और उसे खत्म कर दिया है। वह हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख और 7 अक्टूबर हमले का प्रमुख योजनाकार था। हम हर उस व्यक्ति तक पहुंचेंगे जिसने इस हमले में भूमिका निभाई।”

इजरायल के इस दावे के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमास की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

लेबनान में भी इजरायल के हमले तेज

गाजा के साथ-साथ इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में भी अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टायर और मरजायून जिलों के कई इलाकों में लगातार हवाई हमले किए गए।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बुर्ज रहाल, कवथारियत अल-रुज़, सरीफा, अस-सवाना और क़बरिखा जैसे इलाकों को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हमलों में 31 लोगों की मौत हुई, जबकि 40 अन्य घायल हो गए।

हिज्बुल्लाह के खिलाफ आक्रामक रणनीति

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हाल ही में सेना को हिज्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में इजरायली सेना 600 से ज्यादा आतंकियों को मार चुकी है और अभियान अभी जारी रहेगा।

सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में ड्रोन हमलों में बढ़ोतरी के बाद इजरायल ने अपने ऑपरेशन को और आक्रामक बना दिया है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि अमेरिका की ओर से हिज्बुल्लाह के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान को लेकर इजरायल को समर्थन के संकेत मिले हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.