भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! एक्टिव हुआ पश्चिमी विक्षोभ, 3 दिन बाद दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार
नई दिल्ली: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कहर के बीच अब राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर से आने वाले तीन दिनों बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 29 मई से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस समय गर्मी अपने चरम पर बनी हुई है। दिन के वक्त तेज लू लोगों को झुलसा रही है, जबकि रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा।
29 मई से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के चलते 29 मई से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। इससे भीषण गर्मी और लू से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिसका असर तापमान पर भी दिखाई देगा।
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दिल्ली के कई इलाकों में तापमान बेहद ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया। आयानगर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड में 43.8 डिग्री और पालम में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यूपी में बांदा सबसे गर्म जिला
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
झांसी, प्रयागराज और आगरा में भी झुलसाने वाली गर्मी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उरई में 45.8 डिग्री, झांसी में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई जिलों में दिन के समय तेज लू चलने की आशंका जताई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है। वहीं रात के समय भी गर्म हवाओं और उमस से लोगों को राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
आईएमडी ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।