पीरियड्स के पहले दिन 8 घंटे पानी में शूट… सुरभि चंदना ने सुनाया शूटिंग का अनुभव, बोलीं- शर्माने वाली बात नहीं
मुंबई: टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस सुरभि चंदना इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। ‘इश्कबाज’ और ‘नागिन’ जैसे सीरियल्स से घर-घर में पहचान बनाने वाली सुरभि ने एक इंटरव्यू में अपनी शूटिंग से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि पीरियड्स के पहले दिन भी उन्हें लंबे समय तक पानी में शूट करना पड़ा था।
पीरियड्स के दौरान भी 8 घंटे पूल में किया शूट
एक इंटरव्यू के दौरान सुरभि चंदना ने बताया कि ‘इश्कबाज’ के सेट पर एक पूल सीन की शूटिंग थी और उसी दिन उनके पीरियड्स का पहला दिन था। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसकी जानकारी डायरेक्टर को दी थी, जिसके बाद उन्हें समझाया गया कि यह सामान्य स्थिति है। सुरभि के मुताबिक, वह 6 से 8 घंटे तक पानी में शूट करती रहीं और उन्हें पता भी नहीं चला कि समय कैसे निकल गया।
‘पीरियड्स पर बात करने में शर्म क्यों?’
सुरभि चंदना ने आगे कहा कि पीरियड्स एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, लेकिन लोग इस पर बात करने में आज भी झिझक महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे शूटिंग शेड्यूल में यह सामान्य बात है और इसमें शर्माने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि वे शूटिंग के दौरान पूरी तैयारी के साथ जाती हैं और कई बार सेट पर स्टाफ से सेनेटरी नैपकिन भी मंगवाने पड़े हैं।
नए प्रोजेक्ट्स के साथ प्रोडक्शन में भी एंट्री
सुरभि चंदना ने टीवी इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद अब प्रोडक्शन की दुनिया में भी कदम रख दिया है। वह अपने नए शो ‘इश्क दम’ और ‘इडली रसम’ के जरिए बतौर निर्माता काम कर रही हैं। यह शो एक यूट्यूब ओरिजिनल रोमांटिक ड्रामा सीरीज है, जिसमें अभिषेक कुमार और शाइनी दोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।