लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन कल, INS गोमती बनेगा मुख्य आकर्षण; दिखेगा भारतीय नौसेना का शौर्य और पराक्रम
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में भारतीय नौसेना की वीरता, पराक्रम और तकनीकी क्षमता को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का उद्घाटन कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। यह अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम सीजी सिटी में विकसित किया गया है, जिसे राज्य सरकार की ओर से प्रदेशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में देखा जा रहा है। यह स्थल न केवल नौसेना के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करेगा, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और रक्षा सेवाओं के प्रति प्रेरणा का भी केंद्र बनेगा।
INS गोमती होगा प्रमुख आकर्षण
नौसेना शौर्य वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती होगा, जिसे यहां संरक्षित रूप में स्थापित किया गया है। यह युद्धपोत 28 मई 2022 को नौसेना सेवा से रिटायर हुआ था। वाटिका में युद्धपोत से जुड़े कई महत्वपूर्ण उपकरण भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिनमें एंकर, एके-726 मीडियम रेंज तोप, सीईटी-53 एम पनडुब्बी अवरोध, जिफ-101 लॉन्चर विद आरजे, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर शामिल हैं।
नौसेना की तकनीक और इतिहास से रूबरू होंगे आगंतुक
यह परियोजना भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से विकसित की गई है। यहां आने वाले आगंतुक भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी क्षमता की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसे एक इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में भी तैयार किया गया है, जहां प्रदर्शनियों के माध्यम से नौसेना की कार्यप्रणाली को समझाया जाएगा।
युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी वाटिका
इस शौर्य वाटिका को विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में तैयार किया गया है। यह स्थल न केवल रक्षा सेवाओं के प्रति आकर्षण बढ़ाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रसेवा और सैन्य गौरव की भावना को भी मजबूत करेगा।