प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे: प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां, बोले– भारत बना आत्मनिर्भर और वैश्विक शक्ति

0 30

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और समर्पण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह ने नोएडा सेक्टर-27 स्थित क्लब हाउस में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अब समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की नई यात्रा
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जनता ने नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया, 2019 में उसे और मजबूत किया तथा 2024 में लगातार तीसरी बार जनादेश देकर यह स्पष्ट कर दिया कि देश विकास और कार्यों के आधार पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहला निर्णय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़ा था, जो सरकार की प्राथमिकता किसान, गरीब, युवा और महिला शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” अब जनआंदोलन बन चुका है।

गरीबी में कमी और योजनाओं का व्यापक लाभ
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली से फर्जी लाभार्थियों को हटाकर लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई हैं और नक्सलवाद लगातार समाप्ति की ओर बढ़ रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार
उन्होंने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक खाते खुले, जिनमें 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के हैं। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 60 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा और 58 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक घर बने, उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिला, जल जीवन मिशन से 16 करोड़ घरों तक नल का जल पहुंचा तथा स्वच्छ भारत मिशन में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बने।

किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
उन्होंने कहा कि 11 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4.3 लाख करोड़ रुपये दिए गए। किसान क्रेडिट कार्ड से 7 करोड़ किसानों को 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण मिला। मुद्रा योजना से 57 करोड़ से अधिक ऋण और स्वनिधि योजना से 74 लाख से अधिक लोगों को सहायता मिली। लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला और सुकन्या समृद्धि योजना में 4.5 करोड़ से अधिक खाते खोले गए।

बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक विकास
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीण सड़क योजना के तहत 8 लाख किलोमीटर सड़कें बनीं, जिनमें 4 लाख किलोमीटर पिछले 12 वर्षों में बनी हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 91,287 किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गए हैं। प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर नए राजमार्ग बन रहे हैं। रेलवे में 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। मेट्रो नेटवर्क 1095 किलोमीटर से अधिक हो चुका है।

डिजिटल, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति
उन्होंने कहा कि 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड से जोड़ा गया है। 23 नए एम्स और मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुए हैं। 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया गया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से 1 करोड़ घरों पर सोलर सिस्टम लगाए गए हैं।

सांस्कृतिक गौरव और वैश्विक पहचान
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य नए भारत की पहचान हैं। भारत ने जी-20 की सफल अध्यक्षता की, 70 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी निवेश प्राप्त हुआ और 177 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, विकसित और वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.