‘PM मोदी महान नेता, बेहद सख्त प्रशासक’, ट्रंप ने की जमकर तारीफ; बोले- 1.5 अरब लोगों का नेतृत्व करना आसान नहीं

0 21

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना करते हुए उन्हें दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक बताया है। एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को महान नेता, मजबूत प्रशासक और वैश्विक स्तर पर सम्मानित व्यक्तित्व करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने लंबे समय तक भारत का सफल नेतृत्व किया है और उनकी राजनीतिक पकड़ बेहद मजबूत है।

ट्रंप ने वैश्विक नेतृत्व, कूटनीति और ताकतवर नेताओं पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के जिन नेताओं का वह सबसे अधिक सम्मान करते हैं, उनमें प्रधानमंत्री मोदी का नाम प्रमुखता से शामिल है।

G7 बैठक का जिक्र करते हुए की तारीफ

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने हाल ही में हुई जी7 बैठक का जिक्र किया और कहा कि वहां मौजूद वैश्विक नेताओं के बीच प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति खास रही। उन्होंने कहा, “भारत के प्रधानमंत्री एक महान इंसान हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि वह किसी महान नेता को किस तरह परिभाषित करते हैं, तो ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को राजनीतिक स्थिरता और मजबूत नेतृत्व का उदाहरण बताया।

‘12 साल से ज्यादा समय से मजबूत नेतृत्व दे रहे हैं मोदी’

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक भारत की राजनीति को करीब से देखा है, जहां पहले नेतृत्व में लगातार बदलाव होते रहते थे। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें और नेतृत्व तेजी से बदलते थे, लेकिन नरेंद्र मोदी के आने के बाद स्थिति बदली है।

उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी 12 साल से अधिक समय से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और बेहद मजबूत स्थिति में हैं।”

‘शांत दिखते हैं, लेकिन बेहद सख्त हैं’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मोदी बाहर से शांत और संतुलित नजर आते हैं, लेकिन निर्णय लेने के मामले में बेहद सख्त हैं।

ट्रंप ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को अच्छी तरह जानते हैं और उनका नेतृत्व शैली शांति और दृढ़ता का संतुलित मिश्रण है। उनके अनुसार मोदी ऐसे नेता हैं जो कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती से फैसले लेने की क्षमता रखते हैं।

‘PM मोदी का मैं सबसे ज्यादा सम्मान करता हूं’

जब ट्रंप से पूछा गया कि दुनिया के कौन से नेता अपनी ताकत और नेतृत्व क्षमता के कारण अलग पहचान रखते हैं, तो उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का नाम प्रमुखता से लिया।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे हैं। वह एक बेहतरीन नेता हैं। भारत दुनिया के सबसे बड़े देशों में से एक है और इतनी बड़ी आबादी का नेतृत्व करना आसान नहीं है।”

भारत की आर्थिक उपलब्धियों का भी किया जिक्र

ट्रंप ने भारत के हालिया आर्थिक प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने आर्थिक मोर्चे पर बेहतर आंकड़े पेश किए हैं और इसमें प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय मामलों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हैं और अनावश्यक संघर्षों से दूर रहने की नीति को महत्व देते हैं। ट्रंप के मुताबिक यह एक समझदारी भरा दृष्टिकोण है, जिसने भारत की वैश्विक स्थिति को और मजबूत किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.