‘सूचना प्रवाह’ से सरकार की हर योजना होगी आपकी स्क्रीन पर, यूपी सूचना विभाग ने शुरू किया आधिकारिक यूट्यूब चैनल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ कर दिया है। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस डिजिटल मंच की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है।
चैनल का शुभारंभ सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जनता तक पहुंचेगी प्रमाणिक और त्वरित जानकारी
‘सूचना प्रवाह’ उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों से जुड़ी प्रमाणिक, तथ्यपरक और त्वरित जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इस मंच पर किया जाएगा।
सरकार और जनता के बीच बनेगा मजबूत संवाद सेतु
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे समय में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय एवं प्रमाणिक जानकारी सरल, सहज और आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक के साथ जनसंचार को मिलेगी नई दिशा
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी मिल सकेगी।
सरकारी उपलब्धियों के प्रसार का बनेगा प्रभावी मंच
सूचना विभाग का यह नया यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं के व्यापक प्रसार में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही यह मंच शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।