बिना गारंटी मिलेगा 50 हजार रुपये तक का लोन, जेवर में लगा पीएम स्वनिधि महोत्सव; सैकड़ों छोटे कारोबारियों को मिली बड़ी राहत
गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत जेवर नगर पंचायत में स्वनिधि महोत्सव एवं ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, ठेला संचालकों और छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना रहा।
शिविर के दौरान लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्राप्त आवेदनों और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों की ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पूरी कराई गई। अधिकारियों ने योजना से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी भी साझा की।
15 हजार से 50 हजार रुपये तक मिल रहा ऋण
योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में 15 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी और कैशबैक जैसी अतिरिक्त सुविधाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
छोटे कारोबारियों के लिए वरदान साबित हो रही योजना
इस अवसर पर जेवर नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण माहेश्वरी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल कारोबार को मजबूती दे रही है बल्कि हजारों परिवारों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
बड़ी संख्या में लाभार्थियों को जोड़ा गया
कार्यक्रम में डूडा विभाग की ओर से शीला कुमारी (सीएमएम), रवींद्र और आकाश ने लाभार्थियों को योजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से अधिक से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया गया, ताकि उन्हें वित्तीय सहायता मिल सके और वे अपने व्यवसाय को और अधिक मजबूत बना सकें।
अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पंचायत जेवर के अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी, पंजाब एंड सिंध बैंक एवं यूनियन बैंक जेवर के शाखा प्रबंधकों सहित नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए जागरूक किया और ऋण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया।