योग दिवस पर गौतमबुद्धनगर में होगा मेगा आयोजन, ग्रेटर नोएडा और नोएडा में एक साथ हजारों लोग करेंगे योगाभ्यास

0 33

गौतमबुद्धनगर: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिले में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुष विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा और सेक्टर-21 स्थित इंडोर स्टेडियम, नोएडा में आयोजित किए जाएंगे। दोनों स्थानों पर योगाभ्यास के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन तक की रहेगी भागीदारी

आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। योग दिवस को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और विभिन्न संस्थानों द्वारा भी लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान

डॉ. वंदना रानी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल हों और नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।

जिले में कई दिनों से चल रहा जागरूकता अभियान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग द्वारा पूरे जिले में योग सप्ताह के तहत विभिन्न जागरूकता और योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों, खेल परिसरों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है, ताकि योग का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.