‘कॉकटेल 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका! तीसरे दिन भी बरकरार रहा जलवा, 100 करोड़ क्लब की ओर तेज रफ्तार से बढ़ी फिल्म

0 19

मुंबई: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर फिल्म ने कमाई के मामले में दमदार पकड़ बना ली है। दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है और अब यह 100 करोड़ क्लब की ओर तेजी से कदम बढ़ाती दिखाई दे रही है।

19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले वीकेंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक तीसरे दिन भी फिल्म ने मजबूत कमाई दर्ज की, जिससे इसके कारोबार में बड़ा उछाल देखने को मिला।

तीसरे दिन कमाई में आया उछाल

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने तीसरे दिन 17.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 47.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 57 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

फिल्म की कमाई केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशी बाजारों में भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दुनियाभर में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 76.26 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ऐसे में ट्रेड विश्लेषकों की नजर अब सोमवार के कारोबार पर टिकी हुई है।

पहले वीकेंड में दिखाई मजबूत पकड़

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 13.50 करोड़ रुपये के साथ अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन कमाई में बढ़ोतरी दर्ज करते हुए 16.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे दिन के आंकड़ों ने यह साफ संकेत दे दिया है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत स्थिति में बनी हुई है।

मिक्स्ड रिव्यू मिलने के बावजूद दर्शकों का रुझान फिल्म की ओर बना हुआ है, जिसका सीधा असर टिकट खिड़की पर देखने को मिल रहा है।

2012 की सुपरहिट फिल्म का स्पिरिचुअल सीक्वल

‘कॉकटेल 2’ को वर्ष 2012 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘कॉकटेल’ का स्पिरिचुअल सीक्वल माना जा रहा है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं नए संस्करण में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना ने अहम किरदार निभाए हैं।

फिल्म की शूटिंग लंदन और केप टाउन की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। कहानी एक रोमांटिक लव ट्रायंगल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें रिश्तों, भरोसे और भावनात्मक उलझनों को दिखाया गया है।

लव ट्रायंगल पर आधारित है कहानी

फिल्म की कहानी कुणाल, दीया और एली के इर्द-गिर्द घूमती है। कुणाल और दीया लंबे समय से रिश्ते में हैं, लेकिन शादी को लेकर दोनों की सोच अलग-अलग है। इसी बीच एली की एंट्री उनके रिश्ते में नई परिस्थितियां पैदा कर देती है। इसके बाद तीनों की जिंदगी में आने वाले उतार-चढ़ाव कहानी को दिलचस्प मोड़ तक पहुंचाते हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.