यूपी में रेल नेटवर्क विस्तार को मिली रफ्तार, बाराबंकी-मथुरा की जमीन रेलवे को देने पर योगी कैबिनेट की मंजूरी

0 146

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने रेल आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बाराबंकी और मथुरा में सिंचाई विभाग की जमीन रेलवे मंत्रालय को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके बदले रेलवे मंत्रालय सिंचाई विभाग को करीब 17 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा।

मल्हौर-बाराबंकी रेल लाइन विस्तार को मिलेगा लाभ

कैबिनेट के फैसले के तहत बाराबंकी जिले की नवाबगंज तहसील के मोहम्मदपुर परेठिया स्थित सिंचाई विभाग की 1.1450 हेक्टेयर भूमि मल्हौर-बाराबंकी रेल लाइन के विस्तार के लिए रेलवे को उपलब्ध कराई जाएगी।

मथुरा में भी रेलवे को मिलेगी जमीन

इसके अलावा मथुरा जिले में स्थित 0.72 हेक्टेयर भूमि भी रेलवे परियोजना के लिए आवंटित करने को मंजूरी दी गई है। दोनों भूखंडों के बदले रेलवे मंत्रालय सिंचाई विभाग को लगभग 17 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा।

संशोधित नियमावली को भी कैबिनेट की मंजूरी

कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ (सहकारी समितियां और पंचायत) लेखा परीक्षा सेवा (प्रथम संशोधन) नियमावली-2026 को भी स्वीकृति प्रदान की गई। संशोधन के तहत अधीनस्थ लेखा परीक्षा सेवा में पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों के लिए अब लिपिकीय संवर्ग के वे कर्मचारी भी पात्र होंगे, जिन्होंने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.