UP Weather Update: यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ में आंधी-तूफान की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चार से पांच दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। प्रदेश के 55 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार से पूरे प्रदेश में मानसून का असर और बढ़ने की संभावना है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मानसून के सक्रिय होने से अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बढ़ेगा बारिश का दायरा
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित कम दबाव का क्षेत्र अधिक सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ेगी और मानसूनी हवाओं को मजबूती मिलेगी। इसके चलते मंगलवार से कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का ज्यादा असर
बुंदेलखंड और पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, झांसी, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, अलीगढ़, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मिर्जापुर और हमीरपुर में सबसे ज्यादा बारिश
सोमवार को मिर्जापुर के चुनार और हमीरपुर में सबसे अधिक 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद लखीमपुर खीरी में 104 मिमी, औरैया में 68.8 मिमी और लखनऊ में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।