OBC युवाओं के लिए सुनहरा मौका, ओ-लेवल और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए 10 जुलाई तक करें आवेदन

0 15

गौतमबुद्धनगर: अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ओ-लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इंटरमीडिएट पास अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि योजना का लाभ ऐसे ओबीसी अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिन्होंने न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो। साथ ही अभ्यर्थी के माता-पिता या अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।

नीलिट मान्यता प्राप्त संस्थानों में होगा प्रशिक्षण

योजना के तहत भारत सरकार की संस्था नीलिट से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से ओ-लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, हार्ड कॉपी जमा करना भी जरूरी

प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और 10 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 10 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक संबंधित जनपद के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।

जिलास्तरीय समिति करेगी चयन

अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा। योजना की पात्रता, दिशा-निर्देश, समय-सारिणी और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, कक्ष संख्या-111, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.