UP Rain Alert: यूपी में अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार, पूर्वांचल में भारी वर्षा और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से पूर्वांचल में सप्ताहांत के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में रविवार तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई के बीच अनेक स्थानों पर बारिश होने के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

तेज हवाओं और गरज-चमक की भी चेतावनी

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ वर्षा और मेघगर्जन का अनुमान है।

पूर्वांचल में सप्ताहांत पर भारी बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 8, 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं 10 जुलाई से पूर्वांचल के कई जिलों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। 11 और 12 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए इस अवधि में कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

कई जिलों में दर्ज हुई अच्छी बारिश, तापमान में आई गिरावट

बीते दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बांदा में 61.4 मिलीमीटर, मेरठ में 68.2 मिलीमीटर, वाराणसी (बीएचयू) में 32.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 24 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 20.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण कई शहरों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। बांदा में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस, इटावा में 32.6 डिग्री, कानपुर में 33.6 डिग्री और लखनऊ में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.