इंडोनेशिया में PM मोदी का भावुक संदेश: ‘सांस्कृतिक विरासत हमें जोड़ती है’, 1200 साल पुरानी धरोहर के संरक्षण पर जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में साझा सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्कृति और विरासत भौगोलिक सीमाओं से परे लोगों को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करने के दौरान इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए इंडोनेशिया और वहां के लोगों का आभार व्यक्त किया।
1200 साल पुरानी विरासत के संरक्षण की सराहना
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ प्रम्बानन मंदिर परिसर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साझा विरासत को सुरक्षित रखने का इंडोनेशिया का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि करीब 1200 वर्षों से इस ऐतिहासिक धरोहर को जिस श्रद्धा, आस्था और समर्पण के साथ संरक्षित रखा गया है, उसके लिए वह इंडोनेशिया की जनता और वहां के सभी पूर्व शासकों का हृदय से अभिनंदन करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने सुना है कि यहां की हवाओं में संस्कृति की खुशबू है और वही खुशबू भारत की मिट्टी में भी हर पल महसूस होती है। उनके अनुसार यही सांस्कृतिक विरासत दोनों देशों को गहरे रिश्तों में जोड़ती है।
संयुक्त संरक्षण परियोजना का हुआ शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और जीर्णोद्धार से जुड़ी संयुक्त परियोजना के शुभारंभ का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। भारत और इंडोनेशिया के बीच इस ऐतिहासिक मंदिर परिसर के संरक्षण के लिए शुरू की गई पहल दोनों देशों की सांस्कृतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।
मंदिर में मंत्रोच्चार ने छुआ दिल
प्रधानमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर में ‘महामृत्युंजय’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्रों का जाप सुनकर उनका मन भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके दिल को छू गया और भारत तथा इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों की गहराई को दर्शाता है।
भारतीय पर्यटकों के लिए बढ़ेगा आकर्षण
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि प्रम्बानन मंदिर परिसर में संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य शुरू होने के बाद भारतीय पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल होने के कारण यह परिसर भारतीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
तीन देशों के दौरे पर हैं प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इंडोनेशिया उनकी तीन देशों की विदेश यात्रा का पहला पड़ाव है। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर भी जाएंगे।