23 साल पुराना हनुमानगढ़ी विवाद फिर चर्चा में, CM योगी ने नमाज और इफ्तार आयोजन का किया जिक्र; सियासत तेज

0 41

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान करीब 23 वर्ष पुराने हनुमानगढ़ी परिसर से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। सोहावल में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी परिसर में रोजा इफ्तार और नमाज से जुड़े पुराने घटनाक्रम का जिक्र किया, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अयोध्या की हनुमानगढ़ी में पूर्ववर्ती सरकार के दौरान नमाज पढ़वाने से जुड़े मामले का उल्लेख किया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं और मामला फिर चर्चा में आ गया।

2003 में हुआ था विवाद

वर्ष 2003 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे। उस दौरान हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञानदास ने रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस आयोजन में बाबरी मस्जिद पक्षकार हाशिम अंसारी, मुस्लिम नेता सादिक अली (बाबू टेलर) समेत कई मुस्लिम प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

आरोप लगाया गया था कि तत्कालीन सरकार को खुश करने के उद्देश्य से कुछ अधिकारियों ने हनुमानगढ़ी के सामने इफ्तार कार्यक्रम आयोजित कराया और वहां नमाज भी अदा की गई। हालांकि उस समय इसे सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने का प्रयास बताया गया था।

संतों के विरोध के बाद बढ़ा था विवाद

घटना के समय कुछ संतों ने इसका विरोध करते हुए सवाल उठाया था कि क्या किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जा सकता है। उस समय तत्कालीन फैजाबाद (अब अयोध्या) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और स्थानीय संतों के विरोध के चलते कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी।

हाईकोर्ट ने लगाई थी रोक

बाद में यह मामला अदालत पहुंचा, जहां इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में रोजा इफ्तार के आयोजन पर रोक लगा दी थी। इसके बाद बढ़ते विवाद और तनाव को देखते हुए महंत ज्ञानदास ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि भविष्य में हनुमानगढ़ी परिसर में रोजा इफ्तार का आयोजन नहीं कराया जाएगा।

इसके बाद 21 मई 2019 को अयोध्या के वशिष्ठ कुंड क्षेत्र स्थित सरयू कुंज मंदिर में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.