पीलीभीत हाईवे पर चलती ट्रक बनी आग का गोला, आधे घंटे तक धधकती रहीं लपटें; जिंदा जलकर चालक की मौत

0 49

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शुक्रवार देर रात हाईवे पर एक ट्रक में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया और करीब आधे घंटे तक धू-धू कर जलता रहा। आग बुझने के बाद ट्रक के अंदर से एक शव बरामद हुआ, जिसके चालक का होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

यह हादसा पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर हरदोई ब्रांच नहर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रक पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जा रहा था। आधी रात के आसपास अचानक ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

आधे घंटे तक जलता रहा ट्रक, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। आग बुझाने के बाद वाहन की तलाशी लेने पर उसके भीतर एक शव मिला, जिसे चालक का माना जा रहा है।

ट्रक में क्या था, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में क्या सामान लदा था और वह किस स्थान से कहां जा रहा था। अभी तक इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। चालक की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

अवैध लकड़ी या प्रतिबंधित सामान होने की आशंका

घटनास्थल जंगल से सटे इलाके में होने के कारण पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि ट्रक में कहीं अवैध लकड़ी या कोई प्रतिबंधित उत्पाद तो नहीं ले जाया जा रहा था। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.