‘1000 मिसाइलें ईरान पर हैं तैनात, जरा भी कदम बढ़ाया तो तबाही तय’; ट्रंप की चेतावनी से बढ़ा मिडिल ईस्ट का तनाव
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद कड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें पूरी तरह तैयार हैं और उनका निशाना सीधे ईरान पर है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने किसी भी तरह की धमकी को अमल में लाने की कोशिश की, तो अमेरिका की ओर से तत्काल जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर किए गए पोस्ट में कहा कि अमेरिकी मिसाइलें पूरी तरह तैयार हैं और ईरान को निशाना बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ईरानी सरकार ने कोई आक्रामक कदम उठाया, तो उसके बाद हजारों अतिरिक्त मिसाइलें भी दागी जाएंगी और अमेरिकी सेना ईरान के विभिन्न हिस्सों पर व्यापक कार्रवाई करेगी।
हत्या की धमकियों के बीच आया ट्रंप का बयान
यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे के दौरान ट्रंप के खिलाफ नारे लगाए जाने और उनकी हत्या की मांग वाले पोस्टर सामने आने की खबरें आईं। इन घटनाओं के बाद ट्रंप ने ईरान को सीधे चेतावनी देते हुए सख्त रुख अपनाया है।
‘अगर मेरी हत्या हुई तो जवाब अभूतपूर्व होगा’
इससे पहले ट्रंप ने एक साक्षात्कार में कहा था कि वह लंबे समय से ईरान के निशाने पर हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि उनकी हत्या होती है, तो पहले से ऐसे निर्देश दिए जा चुके हैं जिनके तहत ईरान को ऐसी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जैसा उसने पहले कभी नहीं देखा होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उनके खिलाफ हमला होता है तो ईरान पर बमबारी की जाएगी।
इजरायल ने दी कथित साजिश की जानकारी
इजरायल ने अमेरिका को खुफिया जानकारी देते हुए दावा किया है कि ईरान कथित तौर पर ट्रंप की हत्या की नई साजिश पर काम कर रहा है। इस इनपुट के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। ट्रंप के ताजा बयान के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव और गहराने की आशंका जताई जा रही है।