होर्मुज में तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला, एक भारतीय की मौत; 8 घायल, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

0 23

होर्मुज जलडमरूमध्य: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से एक बड़ी घटना सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरान ने उसके दो तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया। इस हमले में एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के समुद्री क्षेत्र की दक्षिणी लेन से गुजर रहे ‘मोम्बासा’ और ‘बाहिया’ नामक दो तेल टैंकरों को ईरानी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया। मंत्रालय का दावा है कि ‘मोम्बासा’ टैंकर पर तैनात एक भारतीय क्रू सदस्य की हमले में मौत हो गई।

छह भारतीय समेत आठ लोग घायल

यूएई के मुताबिक, इस हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें से चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

हमले के बाद टैंकरों में लगी आग

मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई थी, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। घटना के बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

यूएई ने हमले की कड़ी निंदा की

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। मंत्रालय का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा पैदा करती है।

‘जवाब देने का पूरा अधिकार सुरक्षित’

यूएई ने कहा है कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का अधिकार रखता है। रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी सुरक्षा चुनौती का जवाब देने के लिए उसकी सेनाएं पूरी तरह तैयार हैं और देश की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज बना केंद्र

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दे चुके हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य एक बार फिर वैश्विक चिंता का केंद्र बन गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.