गौतमबुद्धनगर में 3 दिसंबर को होगी सहायक अध्यापक चयन परीक्षा, 14 केंद्रों पर दो पालियों में कड़ा रहेगा पहरा; प्रशासन ने कसी कमर
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के निर्देश पर जिले में सहायक अध्यापक चयन परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
14 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी लिखित परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 3 दिसंबर 2026 को गौतमबुद्धनगर के 14 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। दोनों पालियों की अवधि 120-120 मिनट निर्धारित की गई है।
-
पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
-
दूसरी पाली: दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक
यह परीक्षा सहायक अध्यापक (शहरी), प्राइमरी, बेसिक शिक्षा विभाग और सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) के चयन के लिए आयोजित की जा रही है।
हर केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। सभी अधिकारी अपने आवंटित केंद्रों का परीक्षा से पहले निरीक्षण करेंगे और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी तैयारियों का जायजा लेंगे।
उन्होंने कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
CCTV निगरानी और सघन तलाशी के होंगे इंतजाम
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी और बैठने की व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए तथा आयोग के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाए।
वैकल्पिक रास्तों की जानकारी पहले से जुटाने के निर्देश
सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से जुटाने को कहा गया है। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने निर्देश दिए कि परीक्षा आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं, जिससे परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में कार्यकारी संस्था की ओर से जितेन्द्र त्यागी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।