Weather Alert: दिल्ली-यूपी समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

0 132

नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत 15 से अधिक राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा भी व्यक्त किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक वर्षा गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, गोवा, झारखंड, सिक्किम, असम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, मणिपुर, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है।

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी आगामी दिनों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

पूर्वी यूपी और बिहार में एक सप्ताह तक असर

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले एक सप्ताह तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और पानी जमा होने की स्थिति बन सकती है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन और लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के प्रशासन को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.