यूपी जूनियर फुटबॉल टीम के लिए ट्रायल का ऐलान, 24 जुलाई को ग्रेटर नोएडा में चयन, 1 अगस्त से मऊ में होगी प्रदेश प्रतियोगिता
ग्रेटर नोएडा: प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए गौतमबुद्धनगर जनपद की टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मेरठ मंडल के निर्देशों के तहत जिला और मंडलीय स्तर पर चयन-ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ट्रायल में शामिल होना होगा।
24 जुलाई को होगा जिला स्तरीय चयन-ट्रायल
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जनपद स्तरीय चयन-ट्रायल 24 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। इस ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को अगले चरण के लिए मेरठ भेजा जाएगा।
25 जुलाई को मेरठ में होगा मंडलीय चयन
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल 25 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ मंडल और गौतमबुद्धनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
1 से 8 अगस्त तक मऊ में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए ड्यूटी प्रशिक्षक के रूप में सुमित कुमार की तैनाती की गई है। चयन के बाद संबंधित प्रशिक्षक को खिलाड़ियों की फोटो सहित चयन सूची तत्काल कार्यालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इन खिलाड़ियों को मिलेगी ट्रायल में एंट्री
प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच हो। आयु सीमा के अनुरूप खिलाड़ी ही चयन प्रक्रिया के लिए पात्र माने जाएंगे।
आधार कार्ड और जन्मतिथि प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य
ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड तथा जन्मतिथि प्रमाण-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। दोनों दस्तावेज संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य या प्रधानाचार्या से प्रमाणित होने चाहिए। जन्मतिथि प्रमाण-पत्र में तारीख अंकों और शब्दों दोनों में स्पष्ट रूप से अंकित और सत्यापित होना आवश्यक है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित आयु और दस्तावेज संबंधी शर्तें पूरी नहीं करने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।