नोएडा: गौतमबुद्धनगर में अवैध रूप से दवाओं के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने सेक्टर-76 स्थित एक फ्लैट से करीब 2.48 करोड़ रुपये मूल्य की औषधियां जब्त की हैं। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दिल्ली और गाजियाबाद की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय प्रकोष्ठ, अपराध शाखा चाणक्यपुरी, नई दिल्ली से प्राप्त सूचना और उत्तर जोन गाजियाबाद के अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई में सीडीएससीओ उत्तर जोन गाजियाबाद, अपराध शाखा चाणक्यपुरी और औषधि निरीक्षक गौतमबुद्धनगर की टीम शामिल रही।
सेक्टर-76 के फ्लैट से मिला दवाओं का अवैध भंडार
संयुक्त टीम ने अमरापल्ली प्रिंसली एस्टेट, सेक्टर-76 स्थित फ्लैट संख्या जे-402 पर छापेमारी की। जांच के दौरान फ्लैट में आनंद कुमार, बसंत लाल वर्णवाल और प्रीति मौजूद मिले। जांच में सामने आया कि फ्लैट का उपयोग बड़ी मात्रा में तैयार औषधियों के अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था।
इंजेक्शन, वैक्सीन और जीवनरक्षक दवाएं बरामद
कार्रवाई के दौरान गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, मानव एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम आईपी समेत कई महत्वपूर्ण और उच्च मूल्य के जैविक औषधि उत्पाद बरामद किए गए।
‘सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं’ लिखी दवाएं भी मिलीं
जांच में कई दवाओं पर “सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं” अंकित पाया गया। इससे इनके अनधिकृत कब्जे और संभावित दुरुपयोग की आशंका जताई गई। इसके अलावा जिन दवाओं को 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाना चाहिए था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया मिला।
एमआरपी के आधार पर 2.48 करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त
जब्त की गई दवाओं का कुल मूल्य लेबल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के आधार पर 2,48,66,658.31 रुपये आंका गया है। औषधि निरीक्षक गौतमबुद्धनगर ने परीक्षण और विश्लेषण के लिए आठ औषधि उत्पादों के नमूने एकत्र किए हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आयातित दवाओं के नमूने सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद अलग से एकत्र करेगा।
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
कार्रवाई के दौरान आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त दवाओं और अन्य संबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।