चाय में ज़हर, 70 लाख की डिमांड और मौत की साजिश! पत्नी पर स्लो प्वॉइजन देने का सनसनीखेज आरोप, पति ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

0 25

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के छह लोगों पर उसे और उसके परिवार को स्लो प्वॉइजन देकर मारने की कथित साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि उसकी पत्नी चाय और खाने में रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे धीरे-धीरे मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश कर रही थी। इसके साथ ही उसने छह लाख रुपये के जेवर गायब करने, 70 लाख रुपये की मांग करने और रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर रावतपुर पुलिस ने पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद बिगड़ने लगी स्थिति

पीड़ित हिमांशु गुप्ता का विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी स्थित केडीए कॉलोनी निवासी ज्योति गुप्ता से हुआ था। शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी। हिमांशु का आरोप है कि पत्नी के हाथ की बनी चाय और भोजन खाने के बाद उन्हें लगातार उल्टी, चक्कर और मतिभ्रम जैसी समस्याएं होने लगीं। बाद में परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी खराब होने लगी।

मोबाइल पर बातचीत सुनने के बाद बढ़ा शक

हिमांशु का कहना है कि एक दिन वह तय समय से पहले घर लौटे, जहां उन्होंने पत्नी को मोबाइल पर किसी से बातचीत करते हुए सुना। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान पत्नी कथित तौर पर उन्हें स्लो प्वॉइजन देने और उनकी मौत के बाद पूरी संपत्ति अपने नाम होने की बात कर रही थी। इस घटना के बाद उन्होंने घर में हिडन कैमरे लगवा दिए।

हिडन कैमरे की रिकॉर्डिंग का दावा

युवक का दावा है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग में पत्नी रसोई में चाय में कोई दवा मिलाती हुई दिखाई दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसी दौरान घर के लॉकर से करीब छह लाख रुपये के जेवर भी गायब हो गए। हिमांशु के अनुसार, इसके बाद पत्नी ज्योति, उसके भाई शुभम, बहन आरती, बहनोई शुभम, चाचा मनोज और चाची कोमल ने मिलकर 70 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ में भी सामने आया था ऐसा मामला

इसी तरह का एक मामला हाल ही में मेरठ से भी सामने आया था, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। युवक का कहना था कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करवा सकती है और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रही है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को जांच के लिए बुलाया था।

शादी के बाद प्रेम प्रसंग का लगाया आरोप

मेरठ के सर्वोदय कॉलोनी निवासी युवक ने पुलिस को बताया था कि उसकी शादी 22 जून 2025 को मेडिकल क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हुई थी। उसका आरोप था कि विवाह के बाद पत्नी के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर पत्नी कई बार विवाद कर मायके चली जाती थी और बाद में कथित रूप से अपने पुरुष मित्र के जरिए हत्या कराने की धमकी देती थी। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.